युवक ने उधार में दिए सात हजार रुपये वापस मांगे तो दोस्त ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव अपनी झोपड़ी में ही टांग दिया। घटना सफदरगंज के बिकौली गांव की गुरुवार देर रात की है। रात में ही ग्रामीणों को युवक की हत्या की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना परिवारीजन व पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या आरोपी फरार है। पुलिस हत्यारोपी की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मामले में मृतक की भाभी की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
सफदरगंज थानाक्षेत्र के ग्राम बिकौली निवासी पैरू (35) पुत्र स्व. सियाराम गांव में अपनी मां के साथ रहता था। उसने कुछ साल पहले अपने दोस्त अंबरलाल को गांव में बसाया था। उसने अंबरलाल को सात हजार रुपये उधार दिए थे। जिसे अंबरलाल वापस करने में आनाकानी कर रहा था। मृत पैरू की भाभी हेमलता ने बताया गुरुवार देर रात पैरू पैसा वापस मांगने गया था।
इसी से नाराज अंबरलाल ने अपने घर में पैरू की गला दबाकर हत्या कर दी और उसका शव गले में गमछा बांध कर छप्पर की टेकानी से बांध दिया और भाग निकला। ग्रामीणों को वारदात की जानकारी रात में ही हो गई। उन्होंने इसकी सूचना पैरू के घरवालों व पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हेमलता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या आरोपी अंबरलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।