उधारी का पैसा मांगने के विवाद में बृहस्पतिवार देर शाम बाइक से घर लौट रहे तीन व्यापारी भाइयों को शारदा छोटी नहर पटरी पर बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने तीनों व्यापारियों की पहले पिटाई की और एक व्यापारी का अपहरण कर ले गए। दोनों पीड़ित व्यापारियों ने भाई के अपहरण की तहरीर पुलिस को दी है।
पुलिस बिना रिपोर्ट दर्ज किए ही मामले की जांच में जुटी है। खास बात यह है कि गुरुवार सुबह के समय भी बदमाशों ने तीनों व्यापारियों के साथ मारपीट की थी। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने दोनों पक्ष के एक-एक का 151 धारा में चालान कर अपना पल्ला झाड़ लिया।
दरियाबाद थाना के गांव कुशफर निवासी दीपक सिंह, अजय सिंह व सूरज सिंह पुत्रगण आनंद सिंह की कस्बा दरियाबाद में बीज व किराना की दुकान है। तीनों व्यापारी भाई बृहस्पतिवार की देर शाम करीब साढ़े नौ बजे बाइक से घर लौट रहे थे।
दीपक सिंह ने बताया कि रास्ते में शारदा छोटी नहर पटरी पर पहले से घात लगाकर बैठे मुन्नूलालपुरवा के मुन्ना पुत्र असलम, अलीम पुत्र निजाम, सालम पुत्र मुन्ना, मकसूद पुत्र मुन्ना, लड्डू पुत्र मुन्ना, मुसाद पुत्र मुन्ना व अरसलाम पुत्र इकबाल ने उन पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
मारपीट में तीनों भाई घायल हुए। हमलवार सूरज को अपने साथ उठा ले गए। घायल दीपक और अजय ने शुक्रवार की सुबह उपचार कराने के बाद भाई सूरज के अपहरण की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। पीड़ित भाइयों अजय व दीपक ने बताया कि सामान बिक्री का करीब 45 हजार रुपये भी सूरज के पास हैं और उसका मोबाइल बंद हो गया है।
सुबह हमले के बाद भी नहीं चेती पुलिस
बृहस्पतिवार की सुबह तीनों भाई दीपक, सूरज व अजय दरियाबाद कस्बा में अपनी दुकान पर थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे मुन्ना अपने सात साथियों के साथ पहुंचा और दीपक की पिटाई शुरू कर दी। इस पर अजय व सूरज भी पहुंच गए और दीपक को बचाने की कोशिश की। इस पर हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी। अन्य व्यापारियों के जमा होने पर मुन्ना अपने साथियों के साथ भाग निकला।
पीड़ितों का उपचार सीएचसी दरियाबाद में कराया गया। पीड़ितों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस ने दोनाें पक्ष के एक-एक व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर अपना पल्ला झाड़ लिया। दीपक का कहना है कि पुलिस ने सुबह हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लिया होता तो शायद शाम की वारदात नहीं होती।
पीड़िताें ने बताया कि मुन्ना पर दुकान का काफी पहले का उधारी का पैसा बाकी थी। इसकी भी सूचना 31 अगस्त को पुलिस को देकर पैसा दिलाए जाने की मांग की गई थी। लेकिन पुलिस ने इस पर भी ध्यान नहीं दिया।
सुबह हुई मारपीट के मामले में मौके पर दो लोग ही मिले थे। जिससे दोनों पक्ष के एक-एक व्यक्ति के खिलाफ 151 की कार्रवाई की गई है। अपहरण की तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। मामले की जांच की जा रही है। -सुनील कुमार मिश्र, प्रभारी थानाध्यक्ष दरियाबाद