वारदात में प्रयुक्त सपा झंडा लगी बोलेरो बरामद
- फोटो : अमर उजाला
देवा ब्लॉक क्षेत्र के एक पूर्व ग्राम प्रधान ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला का बीस हजार रुपये में सौदा कर डाला। ग्रामीणों को जब इस बात की भनक लगी तो इस बारे में पुलिस से शिकायत की गई जिसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने महिला को मंगूपुर गांव के एक घर से बरामद कर लिया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त सपा का झंडा लगी एक बोलेरो भी बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में पूर्व प्रधान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज किया है। जबकि प्रधान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने रविवार को कोर्ट मेें पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए है।
एएसपी दक्षिणी शफीक अहमद ने बताया कि देवा ब्लॉक के शरीफाबाद निवासी पूर्व प्रधान राम कुमार यादव पुत्र रामाश्रय यादव ने टिकैतनगर थाना क्षेत्र के मंगूपुर निवासी कृष्ण कुमार पुत्र बहादुर के हाथ 40 वर्षीय एक महिला को बीस हजार रुपये में दो दिन पूर्व में बेचा था।
कुछ ग्रामीणों ने इस बारे मेें शनिवार को पुलिस को सूचना दे दिया जिसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने शनिवार की देर रात महिला को बेहोशी की हालत में टिकैतनगर के मंगूपुर गांव से कृष्ण कुमार के घर से बरामद किया है।
पुलिस ने इस मामले में पूर्व प्रधान, कृष्ण कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ मानव तस्करी समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं पूर्व प्रधान रामकुमार यादव, कृष्ण कुमार व एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि दो आरोपी अभी फरार है। महिला कहां की रहने वाली है और उसका नाम क्या है पुलिस इस बारे में बताने से इंकार कर रही है।
पुलिस का कहना है कि महिला ने अपने बयान में बताया है कि इन लोगों ने उसे बेचा है। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक बोेलेरो भी बरामद किया है। एसओ टिकैतनगर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट मेें पेश किया गया जहां से वह जेल भेजे गए है।