शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक भूमि पर कब्जे को लेकर सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से अवैध असलहों से हवाई फायरिंग भी की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को पकड़कर उनके पास से दो अवैध तमंचे बरामद किए है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
शहर के ओबरी निवासी आशीष राठौर पुत्र चंद्रभूषण सिंह की कोतवाली नगर के शुक्लई गांव स्थित जमीन है। उनका कहना है कि यह भूमि इसी माह 17 तारीख को बैनामा कराई थी। इस भूमि को लखनऊ निवासी राजेश कुमार निषाद भी खरीदना चाहते थे। आशीष का आरोप है कि राजेश निषाद अपने साथियों के साथ सोमवार दोपहर शुक्लई पहुंचे और जमीन पर कब्जा करना शुरू कर दिया।
आशीष के वहां पहुंचने पर दूसरे पक्ष ने असलहा निकालकर उन्हें धमकाया। आरोप है कि इस बीच दूसरे पक्ष ने हवाई फायरिंग भी की। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को पकड़कर दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। कोतवाल बीपी यादव का कहना है कि कब्जे का मामला है। जांच के बाद जो दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।