सालपुर गांव में छत पर सोई किशोरी पर किसी ने चाकू से हमला का घायल कर दिया। शोर सुनकर परिवारीजनों के जाग जाने पर हमलावर मौके से भाग गए। घायल अवस्था में किशोरी को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सालपुर गांव में शनिवार की रात हरीश्चंद्र यादव की तीन पुत्रियां मकान की छत पर सोई थीं।
रात को करीब डेढ़ बजे छत पर पहुंचे अज्ञात युवक ने बड़ी पुत्री प्रियंका के दोनों हाथ पैर से दबा कर चाकू से हमला कर दिया। युवक ने प्रियंका के पेट पैर व कंधे पर वार कर उसको जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर परिवारीजनों के गुहार लगाने पर हमलावर मौके से भाग गया।
किशोरी को रात को ही इलाज के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल जेएल सोनकर ने कहा पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है शीघ्र की हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होगा।
युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, हालत गंभीर
हैदरगढ़। कोतवाली के बरांवा गांव में बाग में मवेशी चरा रहे युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर भाग रहे रक्सहा के किसान को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पिटाई के बाद हमलावर को पुलिस को सौंप दिया।
हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रविवार को बरांवा के श्याम पुत्र सतगुरू आबादी से दूर ग्राम समाज की भूमि पर मवेशी चरा रहे थे। पुलिस को बताया वहां मौजूद रक्सहा गांव के देवनरायन ने अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर मारना पीटना शुरू कर दिया। सिर पर चोट लगने पर घायल को बेहोशी की हालत में छोड़ कर हमलावर मौके से भाग गया।
सूचना पर आक्रोशित परिवारीजन व ग्रामीणों ने आरोपी को दौड़ा कर रक्सहा के समीप से पकड़ लिया और पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली पुलिस ने मारपीट के आरोपी को गिरफ्त में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। कोतवाल जेएल सोनकर ने कहा पीड़ित पक्ष से शिकायत लेकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।