घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन फानन में सभी बच्चों को घर भेज कर स्कूल को बंद कर दिया गया। घायल छात्र को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया गया है। छात्र के भाई ने अध्यापक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम करुवा मजरे ओदरिया निवासी संदीप कुमार (14) पुत्र नन्हेलाल क्षेत्र के ही रामलखन मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिंडसांवा में कक्षा 9 का छात्र है। शुक्रवार को उसकी अपने क्लास में बैठने को लेकर उसके एक अन्य सहपाठी से कहासुनी होने लगी। शोर सुनकर क्लास में पहुंचे अध्यापक अनिल कुमार वर्मा ने छात्र संदीप की डंडे से जमकर पिटाई शुरू कर दी।
जिससे छात्र के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए और वह क्लास में बेहोश होकर गिर गया। छात्र के घायल होने से स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन फानन में सभी बच्चों को घर भेज कर स्कूल को बंद कर दिया गया। अन्य छात्रों ने मामले की सूचना संदीप के बड़े भाई विद्या प्रसाद को दी।
मौके पर पहुंचे विद्या प्रसाद ने संदीप को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया। विद्या प्रसाद ने आरोपी अध्यापक अनिल वर्मा के खिलाफ घुंघटेर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।