बस के इंतजार में खड़ी महिलाओं व बच्चों को बाइक ने टक्कर मार दी। इससे छह महिलाएं व बच्चे घायल हो गए। सभी को सीएचसी बनीकोडर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल एक महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आजमगढ़ जिले के थाना सराय मीर अंतर्गत ग्राम लेडवावर निवासी आशा पत्नी गूंजेलाल अपनी पुत्री संवारी, अनीता पत्नी राकेश निवासी सरायमीर व उसकी पुत्री गुलशाना, करन पुत्र राकेश आदि रविवार शाम को रामसनेहीघाट में दिलौना मोड़ पर बस के इंतजार में खड़े थे। तभी तेज रफ्तार में उधर से निकले बाइक सवार ने इन लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे में छह महिलाएं व बच्चे घायल हो गए। इन सभी को राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया। जहां से एक महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल ये सभी लोग भिटरिया हैदरगढ़ रोड पर भट्ठे के पास डेरा डालकर रहते हैं और चाकू-छुरी में धार करके गुजारा करते हैं।