विकास खण्ड सूरतगंज अंतर्गत राम मण्डई मतदान केन्द्र पर भाजपा समर्थित डीडीसी प्रत्याशी मालती रावत के पति कुन्दन रावत को जोनल मजिस्ट्रेट अनुराग सिंह ने पुलिस की मदद से अपनी गाड़ी में बैठा लिया। जिसके चलते उसके समर्थक भड़के गए और हंगामा करने लगे।
मतदान केंद्र पर हंगामा बढ़ता देख को पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी जिसमें बृजेश व देवकी नन्दन घायल हुए हैं। घटना के बाद कुन्दन रावत ने बताया कि सपा नेताओं के इशारे पर पुलिस प्रशासन उनका उत्पीड़न कर रहा है।
जबकि मौके पर मौजूद जोनल मजिस्ट्रेट अनुराग सिंह ने बताया कि कुन्दन रावत मतदान केन्द्र पर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे थे उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। मौके पर मौजूद सूरतगंज चौकी इंचार्ज संतोष सिंह ने बताया कि मतदान केन्द्र के निकट लोगों की अधिक भीड़ लग जाने के कारण उन्हें मतदान केन्द्र से दूर किया गया था।
किसी ने पहले ही डाल दिया वोट
प्राथमिक विद्यालय कन्दरौला मतदान केन्द्र पर पहली बार वोट डालने पहुंची रेखा यादव के हाथ मायूसी ही लगी। वह अपना आधार कार्ड लेकर मतदान कर्मी के पास जब पहुंची तो मतदान कर्मी द्वारा यह कहने पर वह अवाक रह गई कि उसका वोट पड़ चुका है। मौके पर मौजूद पीठासीन अधिकारी से पूछा तो वह कुछ नही बता सके।
कहीं सन्नाटा तो कहीं भीड़
बृहस्पतिवार की सुबह मौसम की बेरुखी के बीच प्रारंभ हुए अंतिम चरण के चुनाव में कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुबह से लंबी कतारें लगने लगी तो कई मतदान केन्द्रों पर सन्नाटा ही पसरा रहा। प्राथमिक विद्यालय कुतुलूपुर में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दी जबकि धमसड़ तथा असोहना के मतदान केन्द्रों पर 8:30 बजे तक एका दुक्का मतदाता ही वोट डालने पहुंचे जबकि अति संवेदनशील घोषित मतदान केन्द्र भटुवामउ व मोहारी में सुबह नौ बजे तक मतदाताओं की भारी भीड़ दिखाई दी।