इस घटना में बदमाशों ने घर की महिलाओं को बंधक बनाकर वहां रखे दो करोड़ 20 लाख रुपये व एक किलो से अधिक के सोने व कुछ चांदी के आभूषण लूट लिए थे। इसमें से शुक्रवार को एक करोड़ 18 लाख 50 हजार रुपये व आधा किलो से अधिक के जेवर बरामद कर लिए गए।
इस कामयाबी को हासिल करने वाली एसटीएफ व बाराबंकी पुलिस की टीम को डीजीपी जावीद अहमद ने 50 हजार का इनाम व कमेंडेशन डिस्क देने की घोषणा की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आग्रह किया है कि वे भी अपने स्तर से इन पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाएं।
बाराबंकी में मेंथा व्यापारी के घर पर दिन दहाड़े सनसनीखेज लूट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को कुछ दिनों पहले गिरफ्तार करा जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में से दो मुखबिर थे और दो लूट की वारदात को अंजाम देने वाले। पुलिस ने इनके पास लूट की 41 लाख नकद व बोलेरो बरामद की थी।
लखनऊ जोन के आईजी सतीश गणेश ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे इस रकम को प्राॅपर्टी डीलिंग व ट्रांसपोर्ट के कारोबार में लगाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने बातचीत भी शुरू कर दी थी। बदमाशों को आशंका थी कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।