हरख एक छह वर्षीय बालिका के साथ गांव के ही युवक ने दुराचार का प्रयास किया। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बुधवार शाम सतरिख थाना क्षेत्र के एक गांव की 6 वर्षीय बालिका अपने घर से नित्यक्रिया के लिए गांव के बाहर स्थित खेतों को गई।
तभी गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही शहर आलम उर्फ मुन्ना ने बालिका को पकड़कर छेड़छाड़ व रेप का प्रयास करना शुरू कर दिया। बालिका के शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी भाग खड़ा हुआ। इसके बाद परिजनों ने इसकी लिखित तहरीर सतरिख थाने पर दी पहले तो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बजाय मामले को दबाना शुरू कर दिया।
लेकिन यह बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत तिवारी, सीओ सदर उमाशंकर सिंह ने स्थिति का जायजा लिया व तुरंत पीड़ित का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। क्योंकि मामला दो समुदायों के बीच का है इसलिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत तिवारी का कहना है कि छेड़छाड़ व पास्को एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है। पुलिस ने बालिका का मेडिकल परीक्षण के लिए उसे जिला महिला अस्पताल भेजा है।