शहर कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय चोरों ने सोमवार देर रात लखपेड़ाबाग मोहल्ले में दो दुकानों का शटर तोड़कर करीब सवा लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। मंगलवार की सुबह मामले की जानकारी होने पर व्यापारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली इलाके के लखपेड़ाबाग चौराहे पर सोमवार की देर रात संजय वर्मा की मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर 16 हजार रुपये की नकदी समेत एक लाख कीमत का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद इनके पास के ही किराना दुकानदार दिलीप कुमार की दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखी तीन हजार की नकदी भी चोरी हो गई। मंगलवार की सुबह जब व्यापारियों को दुकान में चोरी का पता लगा तो मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की पर आरोपियों का पता नहीं लग सका है। दुकानों में चोरी होने के बाद व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष विनोद गाबा, नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता कई व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचे और मामले का जल्द ही खुलासा करने की पुलिस से मांग की। चोरी की वारदात से व्यापारियों में रोष भी है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल रवींद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।