एक बाइक सवार को टक्कर मारकर भाग रही कार का पीछा करने के दौरान सतरिख थाने की जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में जीप सवार तीन सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी पर एसपी अब्दुल हमीद ने अस्पताल जाकर घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना।
सतरिख थाना क्षेत्र में हैदरगढ़ मार्ग पर मंजीठा के पास बुधवार को एक बाइक सवार को कार सवार ने टक्कर मार दी। इसी दौरान सतरिख थाने की जीप उधर से गुजर रही थी। पुलिसकर्मियों ने हादसा होते देखा तो बाइक में टक्कर मारने वाली कार का पीछा करने लगे। कार चालक ने हाईवे के पास अचानक गाड़ी मोड़ दी।
इस पर चालक ने भी तेज रफ्तार में जीप मोड़ी तो वो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में जीप चालक सिपाही परवेज, राधेश्याम मौर्या व फिरोज खान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगोें ने तीनों पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की जानकारी होने पर एसपी अब्दुल हमीद, सीओ सदर विशाल विक्रम सिंह, कोतवाल रवींद्र सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल सिपाहियों का हालचाल लिया।