देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रजौली में रंजिश को लेकर मिर्ची के खेत की रखवाली कर रहे एक वृद्ध की शुक्रवार की देर रात गोली मार कर हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह देर तक घर न पहुंचने पर जब परिवारीजन खेत पहुंचे तब वहां वृद्ध को मृत अवस्था में पाया।
मृतक के पुत्र की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पुत्र ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी जिस पर मुकदमा दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोतवाली देवा क्षेत्र के ग्राम राजौली निवासी वृद्ध बेचेलाल (60) रोज की तरह शुक्रवार की रात गांव के किनारे स्थित अपने मिर्ची के खेत की रखवाली के लिए चारपाई डाल कर सो रहे थे। तभी देर रात्रि वृद्ध के सर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
शनिवार सुबह भोर होने पर जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसकी खोज-खबर के लिए जब खेत पहुंचे। तो वहां बेचेलाल मृत पाया गया। मृतक के पुत्र रंजीत रावत ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। तथा अपने पिता की हत्या करने का आरोप गांव के ही सर्वेश पुत्र जगदेव पर लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
इसके बाद हरकत में पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को मार्टम के लिए भेज दिया। तथा पुत्र की तहरीर पर सर्वेश को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस की लापरवाही से हुई वारदात
बिशुनपुर चौकी क्षेत्र में ग्राम रजौली में वृद्ध की हत्या के पीछे चौकी पुलिस की लापरवाही की बात बताई जा रही है। परिवारीजनों के मुताबिक बीती 25 फरवरी को हत्याकांड के आरोपी सर्वेश ने गांव के ही एक युवक लाला पुत्र जगन्नाथ की पिटाई कर दी थी। जिस पर मृतक बेचेलाल ने गांव के बड़े बुजुर्ग होने के नाते सर्वेश को कड़ी फटकार लगाई थी।
बताते हैं कि इसे अपना अपमान मानकर सर्वेश ने बेचेलाल को जान से मारने की धमकी दी थी। इस विवाद की शिकायत लाला ने चौकी पुलिस से की थी। मगर चौकी पुलिस की लापरवाही व मामला मेहनत करने की कला के चलते कोई कार्रवाई ना होने से सर्वेश के हौसले बुलंद हो गए थे। और इसी के चलते उसने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे डाला।
रजौली गांव में वृद्ध की हत्या की वजह पुरानी रंजिश होने का आरोप परिवारीजन लगा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मृतक के पुत्र की तहरीर पर गांव के ही सर्वेश को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। -बीडी तिवारी, थानाध्यक्ष कोतवाली देवा