संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव घर में कमरे में अंदर फंदे पर लटकता मिला है। जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। सतरिख थाना क्षेत्र के कारखा गांव निवासी रीना देवी (22) पत्नी कपिल देव का शव सोमवार की दोपहर अपने घर के कमरे में दुपट्टे छत के छल्ले में फंदे पर लटकता मिला है।
कपिल देव की छोटी बहन दीपाली जब स्कूल से पढ़ाई करके घर वापस आई तो उसने यह दृश्य देखा इसकी सूचना आनन-फानन में उसने खेत में कार्य कर रहे अपने परिजनों को दिया। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई जिस पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ सिटी आरएन सिंह ने भी मौके पर जाकर जांच की व पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए है।
कपिल देव का विवाह 27 सितंबर को भारतीय किसान यूनियन के द्वारा कराई जा रही सामूहिक विवाह में रीना देवी निवासी लक्ष्मी नगर सूत मिल से हुई थी। विवाहिता का गौना आए अभी 3 दिन ही हुए थे। इसलिए इस संबंध में ग्रामीण व परिजन कुछ भी कहने से इनकार कर रहे है। सीओ सिटी आरएन सिंह का कहना है कि युवती यह विवाह नहीं करना चाहती थी लेकिन इसके बाद भी उसका विवाह कर दिया गया जिससे उसने आत्महत्या कर लिया है। हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही पूरी बात सामने आ सकेगी।