फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर की चोट लगने से मौत हो गई। साथी की मौत की जानकारी होने पर मजदूर संगठन ने मुआवजे की मांग को लेकर लखनऊ -महमूदाबाद मार्ग जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम के बाद पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। भीड़ उग्र देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर जाम खुलवाया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर फैक्टरी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जनपद सुलतानपुर के थाना लंभुआ के ग्राम धरियामऊ निवासी रूपेंद्र प्रताप सिंह (35) पुत्र लालता प्रसाद कुर्सी औद्योगिक क्षेत्र में श्री इंटरनेशनल प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता था। रविवार को वह काम कर रहा था। इसी दौरान मशीन से निकला एक रॉड मजदूर के सर में लग गया और वह मौके पर ही गिर गया। अन्य मजदूर साथी युवक को लेकर निजी अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सुबह काम पर पहुंचे अन्य साथियों को युवक की मौत की जानकारी सुबह होने पर नाराज फैक्टरी मजदूरों ने लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग जाम कर दिया।
एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया परन्तु नाराज मजदूर मुआवजे व तहसील प्रशासन को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। भीड़ उग्र होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो भीड़ तितर-बितर हो गई। पुलिस ने जाम खुलवाकर आवागमन चालू कराया। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर कंपनी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। इसके साथ ही मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।