फैजाबाद, बाराबंकी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में हाईवे पर रोड होल्डअप की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय लुटेरों के गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से चार तमंचा, दो कारतूस, 6 हजार की नकदी व एक जीप बरामद किया है। पकड़े गए बदमाशों मेें चार फैजाबाद व एक सुल्तानपुर जिले का निवासी है। पुलिस टीम की इस सफलता पर डीआईजी व एसपी ने 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
सीओ सदर/क्राइम विशाल विक्रम सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित वार्ता में बताया कि हाईवे पर ट्रकों का टायर पंचर कर रोड होल्डअप की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह को क्राइम ब्रांच व जैदपुर पुलिस ने पकड़ा है।
पकड़े गए बदमाशों में धर्मपाल यादव निवासी ग्राम डढ़वा बिंदेश्वरीगंज, थाना बल्दीराय जिला सुल्तानपुर, विनोद चौहान निवासी ग्राम धमथुआ मिल्कीपुर थाना कुमारगंज जिला फैजाबाद, राजेश यादव निवासी ग्राम पूरे तिवारीका पुरवा कुचेरा बाजार थाना इनायतनगर फैजाबाद, हरिश्चंद्र चौहान निवासी ग्राम चन्दीपुर नगहरा मजरे पडऱी थाना इनायतनगर फैजाबाद व रंजीत यादव निवासी ग्राम मेलथुआ धनैचा, मिल्कीपुर थाना कुमारगंज जनपद फैजाबाद शामिल है। बदमाशों के दो साथी मौके से भाग निकले है।
पुलिस ने इन सभी को जैदपुर के छंदवल के पास गिरफ्तार किए जाने का दावा किया है। पुलिस टीम ने बदमाशों के पास से चार तमंचा, दो कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक जीप व दस कुल्हाड़ी बरामद किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ लूट समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
कई जिलों में दिया वारदातों को अंजाम
बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि वह सभी हाईवे पर रोड होल्डअप की वारदातों को अंजाम देते थे। बदमाशों ने 12 दिसंबर को जैदपुर में एक ट्रक चालक को लूटा था उसके बाद उसी रात फैजाबाद के मवई व अयोध्या में रोड होल्डअप की दो वारदातों को अंजाम दिया था।
इसके बाद इन बदमाशों ने इलाहाबाद व प्रतापगढ़ जिले में हाईवे पर भी कई वारदातों की है। बदमाशों की माने तो यह सभी करीब आठ से अधिक रोड होल्डअप की वारदातों को अब तक अंजाम दे चुके है। सभी वारदात करने से पहले हाईवे के ढाबे पर जीप से पहुंचते थे और फिर वहां की जानकारी लेने के बाद आगे घटना को अंजाम देते थे। इस गिरोह का सरगना विनोद यादव है और वह बीएससी तक पढ़ा है। सीओ की माने तो विनोद के पास तीन ट्रकें व करीब 70 बीघा जमीन है उसके बावजूद वह इस तरह के अपराध में शामिल है।
पुलिस टीम पुरस्कृत
रोड होल्डअप की वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में क्राइम ब्रांच स्वाट टीम प्रभारी जावेद खान, एसओ जैदपुर अशोक कुमार, सुधीर सिंह, अशोक मिश्रा, हसन अफरोज जैदी, रमेश उपाध्याय, सुनील यादव, हरिनरायन सिंह, दयाराम, कृष्णकुमार शर्मा, सर्वेश कुमार, इद्रीश आदि पुलिस टीम को एसपी अब्दुल हमीद व डीआईजी रेंज के द्वारा 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया है।