एक गैस एजेंसी की खिड़की तोड़कर चोर नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का सामान समेट ले गए। एजेंसी मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
असंद्रा थाना क्षेत्र में सिद्धौर कस्बा स्थित एक गैस एजेंसी में शनिवार की देर रात चोर खिड़की तोड़कर पंद्रह हजार रुपये की नकदी, तीन कंप्यूटर समेत करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। रविवार की सुबह जब आसपास के लोगों ने देखा कि गैस एजेंसी में चोरी हो गई है तो इसकी जानकारी एजेंसी मालिक को दी।
एजेंसी मालिक रामराज ने मामले की शिकायत पुलिस से कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदात हो रही है लेकिन पुलिस किसी भी मामले में आरोपियों तक पहुंच नहीं पा रही है।
एसओ असंद्रा श्रीधर पाठक का कहना है कि मामले की शिकायत मिली है। एसओ ने कहा कि पंचायत चुनाव ड्यूटी के चलते काम प्रभावित हो रहा है। कहा चुनाव का काम पूरा होते ही जल्द ही चोरी के आरोपियों पर शिकंजा कसा जाएगा।