लोकसभा चुनाव को लेकर चल रहे अभियान के तहत जैदपुर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने एक असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से निर्मित व अर्धनिर्मित 93 असलहे बरामद किए। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है।
एसपी अजय साहनी ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता में बताया कि जैदपुर पुलिस ने लोकसभा चुनाव के तहत की जा रही चेकिंग में इन्धौलिया गांव के पास एक खंडहर में सुबह के समय छापेमारी की तो वहां पर अवैध रूप से चल रही असलहा फैक्टरी पकड़ी। पुलिस ने मौके से आरोपी रूपनरायन लोहार निवासी ग्राम चकतारा थाना असंद्रा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से निर्मित व अर्धनिर्मित 93 असलहे, एक बंदूक व असलहा बनाने में प्रयोग किए जाने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए है।
सात कारतूस भी मौके से मिले हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी के भाई को भी कुछ दिन पहले पुलिस ने असलहा तस्करी के मामले में ही जेल भेजा था। बताया कि इस गिरोह में अन्य जो भी लोग शामिल हैं उनके बारे में भी पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।