खनन को लेकर किसानों को राहत देने के लिये सरकार द्वारा जारी एक आदेश खनन माफियाओ के लिये वरदान साबित हो रहा है। किसानों के लिये छूट के सहारे खनन माफिया कब्रिस्तान, श्मशान से लेकर ग्राम समाज की जमीनों पर अवैध खनन करके रकम पैदा कर रहे हैं।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के गांवों में इन दिनों खुले आम मिट्टी का अवैध कारोबार चालू है। कहीं ग्राम समाज की जमीन पर अवैध खनन हो रहा तो कहीं किसी और जगह। शिकायत होने पर जिम्मेदार कहीं परमीशन तो कहीं सरकारी आदेश का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
दरियाबाद के कुशफर गांव में दो सप्ताह पूर्व खनन माफियाओं ने शमशान की जमीन पर ही अवैध खुदाई कर दी और रातों रात सैकड़ों ट्राली मिट्टी उठा ले गए। ग्रामीणों ने शिकायत की तो लेखपाल ने जांच की किन्तु खनन माफिया का पता नहीं लगा सके। इसके बाद एसडीएम ने रिपोर्ट खनन विभाग को भेजी है किन्तु फिर भी कार्रवाई शून्य रही। प्रभारी निरीक्षक शिवा कांत त्रिपाठी का कहना है कि खनन का कार्य परमीशन लेकर किया जा रहा है जिससे कोई कार्रवाई नहीं की गई है।