फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसारा में रविवार रात आयोजित तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवकों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इसके बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर करने पर परिवारीजन दोनों को लेकर लखनऊ चले गए और वहां किसी निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती करा दिया। घटना की जानकारी होने पर सीओ फतेहपुर ने मौका मुआयना किया। इसके बावजूद कोई शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं करने की बात कह रही है।
कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम बसारा निवासी रामकुमार शुक्ल के पुत्र आदेश नारायण का रविवार को तिलक समारोह था। लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिहा निवासी रज्जन अवस्थी अपनी पुत्री का तिलक चढ़ाने तमाम रिश्तेदारों व मित्रों के साथ पहुंचे थे।
तिलक की रस्म के दौरान ही लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने लाइसेंसी असलहों से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान समारोह में आए इमरान (30) पुत्र परवेज निवासी बंकी कोतवाली नगर व आफताब आलम (35) पुत्र जुम्मन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
तिलक समारोह में दो युवकों को गोली लगने से अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों युवकों को लखनऊ के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बारे में सीओ फतेहपुर राजेश यादव ने बताया हर्ष फायरिंग की सूचना पर गांव जाकर जांच की है। घायल युवक किस अस्पताल में भर्ती हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। जो तहरीर या शिकायत मिलेगी, उस आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।