शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की देर रात तीन युवकों द्वारा एक किशोरी को घर से अगवा कर उसके साथ दुुुराचार का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता ने किशोरी को अगवाकर गैंगरेप का आरोप लगाया गया है।
जबकि शहर कोतवाल एसपी सिंह का कहना है कि किशोरी तीन युवकों के साथ कांशीराम कॉलोनी में मिली थी। पुलिस जब मौके पर गई तो एक युवक भाग गया जबकि दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। किशोरी को परिवारीजनों के सुपुर्द कर युवकों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाल एसपी सिंह के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की 17 वर्षीय किशोरी को आवास विकास स्थित कांशीराम कॉलोनी में रविवार देर रात यहां गश्त कर रही पुलिस ने शक होने पर दो युवकों के साथ पकड़ लिया। जबकि एक युवक मौके से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी किशोरी के पिता को दी।
वहीं पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कांशीराम कॉलोनी के रहने वाले मेहताब व हिमांशु ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर किशोरी को अगवा कर लिया। और फिर कांशीराम कॉलोनी के एक कमरे में लाकर उसके साथ दुराचार किया। इस मामले में कांशीराम कॉलोनी की एक युवती का भी हाथ होने की शिकायत की। हालांकि पुलिस ने अभी तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाल एसपी सिंह का कहना है कि किशोरी अपने पिता पर ही मारने-पीटने का आरोप लगाकर युवकों के साथ स्वयं जाने की बात कह रही है। जबकि पिता ने तीन युवकों पर बेटी को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। कोतवाल ने कहा जांच के बाद जो सही निकलेगा उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।