जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में मदरसा में पढ़ने वाले एक छात्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई। सभी का शव पीएम के लिए भेजा गया है। कुर्सी थाना क्षेत्र में टिकैतगंज के पास शनिवार की दोपहर पैदल जा रहे मदरसा में पढ़ने वाले छात्र शुऐब (9) पुत्र मेंहदी हसन निवासी निंदूरा को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा भी किया लेकिन पुलिस ने सभी को शांत कराया। वहीं, शनिवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र में बड़ेल के पास हाईवे बाईपास पर भाई-बहन को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में जहां सरोजा (17) पुत्री रामराज शर्मा निवासी ग्राम नेवरा सलारपुर जनपद फैजाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, इनका भाई अजय (22) घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी तरह शुक्रवार रात कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम तवापुर मजरे मदारपुर के रामनरेश (35) की मौत हो गई। इनकी बाइक में भी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी जिसका पुलिस द्वारा पता लगाया जा रहा है। मसौली प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को मसौली थाना क्षेत्र के सीएचसी बड़ागांव से गंभीर रूप से घायल एक (40) वर्षीय अज्ञात युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जहां शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवा सड़क निवासी पंकज नाग बांसा निवासी विजय मौर्य के यहां रहकर मिठाई बनाने का कार्य करता था। रविवार को पंकज किसी कार्य से विजय की बाइक से बाराबंकी जा रहा था। मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के दौरान लोहे का रॉड बाइक सवार के पेट में घुस जाने के कारण पंकज की मौके पर ही मौत हो गई।