संसारा गांव में सोमवार सुबह एक वृद्ध किसान की धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई। उसका शव चकमार्ग के पास एक बाग में पड़ा मिला। सुबह खेत जा रहे एक ग्रामीण ने शव देखा तो इसकी जानकारी परिवारीजनों और ग्रामीणों को दी।
पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली सकी। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ व एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
सोमवार को संसार गांव के शिवप्रताप सिंह (82) पुत्र सुंदर सिंह सुबह करीब सात बजे घर से खेत के लिए निकले थे। डेढ़ घंटे बाद साढ़े आठ बजे गांव के ही रामफेर ने आबादी से करीब एक बाग में शिव प्रताप का खून से लथपथ शव देखा तो उसके होश उड़ गए।
उसने इसकी जानकारी उनके परिवारीजनों और दूसरे ग्रामीणों को दी। हत्या की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मृतक के पौत्र अजीत सिंह की सूचना पर पुलिस ने गांव में कई लोगों से घटना की बाबत बात की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
किसान की गर्दन और सीने पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था। वृद्ध किसान की हत्या किसने और क्यों की, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। मृतक के छोटे पुत्र शिवमृर्ति की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर शाम को जिला मुख्यालय पर पोस्टमार्टम करा कर परिवारीजनों को सौंप दिया है। सीओ केडी मिश्र व एएसपी शफीक अहमद ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।