लूट का विरोध करने पर घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे एक वृद्ध किसान की लुटेरों ने धारदार हथियार से हत्या करी दी। उसके बाद घर में रखा करीब 70 लीटर मेंथा आयल लूटकर भाग गए। सुबह घर से दो सौ मीटर दूर बुजुर्ग की लाश गन्ने के खेत से बरामद हुई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना फतेहपुर थाना क्षेत्र के मैदासपुर गांव में रह रहे उसके परिवारीजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रतनजैदपुर निवासी शालिगराम (85) पुत्र स्व. छोटेलाल 25 साल से इसी गांव में रहकर खेती करते थे। वह मूलरूप से फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मैदासपुर के रहने वाले थे। जहां उनके तीन पुत्र और बाकी परिवारीजन रहते हैं। शालिगराम का शव शुक्रवार को घर से करीब दो सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में पड़ा मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर उसके तीनों पुत्र आननफानन मौके पर पहुंचे। मृतक के पुत्र विजय शंकर ने बताया कि रतनजैदपुर में करीब 50 बीघा जमीन 25 साल पूर्व खरीदी गई थी तब से उसके पिता यहीं घर बनाकर रहते थे। घर की चाभी वह हमेशा अपने साथ लेकर सोते थे। घर का ताला खुला था और कमरे में रखा करीब 70 लीटर मेंथा आयल गायब था।
पिता के गले व सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। मृतक के पुत्रों का कहना है सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र विजयशंकर ने थाने पर अज्ञात के खिलाफ हत्या व चोरी की तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
दो सौ मीटर तक मिले घसीटने के निशान
मृतक के बड़े पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि गांव वालों ने इसकी सूचना पर जब हम लोग गांव पहुंचे तो देखा जिस विस्तर पर उसके पिता लेटे थे वहां से उनको खींचकर ले जाने के निशान साफ दिखाई दे रहे थे जो खेत तक थे।
उनके गले पर कसाव व सिर के पीछे किसी वजन वस्तु से चोट का गहरा निशान था। पीड़ित ने यह बताया कि उसके पिता की हत्या घर की चाभी के लिए हुई है। चाभी पाकर बदमाश घर का ताला आसानी से खोलकर मेंथा आयल उठा ले गए।
मृतक के पुत्र विजय शंकर ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। -राजीव कुमार सिंह, एसओ रामनगर