खेत में सिंचाई करने गया एक किसान विद्युत पोल के स्टे वायर में आए करंट की चपेट मेें आ गया। किसान को तड़पता देख खेत में काम कर रहे परिवारीजनों ने स्टे वायर से अलग किया और उपचार के लिए सीएचसी ले गए।
हालत गंभीर होनेे के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर सुनते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
बदोसरायं थाना क्षेत्र के ग्राम दरिगापुर निवासी राजेश वर्मा (38) सोमवार को खेत में पिपरमिंट की सिंचाई करने गया था। राजेश परिवारीजनों के साथ इंजन लेकर खेत पहुंचा। खेत में निराई करने के बाद सिंचाई करने लगा।
इसी बीच वह इंजन में पानी डालने के लिए तालाब गया और पानी लेकर लौट रहा था। खेत में लगे विद्युत पोल के स्टे वायर को जैसे ही छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया और तड़पने लगा। खेत में काम कर रहे परिवारीजनों ने किसी प्रकार उसे स्टे वायर से अलग किया।
सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। घायल राजेश को उपचार के लिए सीएचसी लेकर गए लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही से हुई मौत
पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अनुरक्षण कार्य नहीं किए जाने से ग्रामीण अंचलों में विद्युत तारों की स्थिति बहुत ही खराब है। कहीं तार ढीले है तो कहीं विद्युत तार काफी नीचे तक लटके हैं। मृतक के भाई पवन कुमार ने बताया कि विद्युत तार के स्टे वायर को छूने से मौत हुई है।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक की पत्नी राती व तीन बच्चे पुष्पेंद्र (8), काजल (12) व अंकित (15) का रो-रोकर बुरा हाल है। खेती कम होने के कारण बाजार में चना बेच कर मृतक अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से गांव के लोग भी दुखी हैं। बच्चों की पढ़ाई व परिवार को दो जून की रोटी कैसे मिलेगी, गांव में यही चर्चा हो रही है।
दरिगापुर में करंट से किसान की मौत की जानकारी हुई है। इस बात का हमें भी दुख है, कर्मचारियों को भी मौके पर भेजा था। सुरक्षा निदेशालय लखनऊ के लिए पत्र भेज दिया गया है। इसके लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिवारीजनों को मुआवजा जल्द से जल्द दिया जाएगा। -नजम अहमद अधिशासी अभियंता, फतेहपुर डिवीजन