हादसे में क्षतिग्रस्त अनुबंधित बस।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक किसान की मौत हो गई व पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के साथ मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहला हादसा पोखरा के समीप हैदरगढ़ चीनी मिल गेट के सामने हुआ। जहां पर मंगलवार को रामसनेहीघाट थाने के मेंडुवा गांव निवासी नागेंद्र बहादुर सिंह ट्रैक्टर ट्राली से गन्ना तौल कराने हैदरगढ़ चीनी मिल गेट पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मार्ग पर गन्ने की रखवाली के लिए ट्रॉली के पीछे चलते हुए मिल गेट के निकट ट्रैक्टर पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे।
इसी दौरान पैर फिसलने से नीचे गिर गए और ट्रैक्टर से जुड़ी गन्ना लदी ट्रॉली इनके ऊपर से चढ़ गई। मार्ग के समीप स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। कुछ समय में ही मौके पर भारी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल एसपी सिंह ने कहा घटना के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वहीं कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के मोहल्ला मौलवीगंज निवासी रफी अहमद (20) मंगलवार को अपनी बहन रहीस बानो (28) को लेकर बाइक से उसकी ससुराल ग्राम सैदनपुर छोड़ने जा रहा था। तभी फतेहपुर-रामनगर मार्ग पर स्थित ग्राम साढे़मऊ के पास सामने से आ रहे बाइक सवार ने जोरदार ठोकर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस भिड़ंत में भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्ेहें सीएचसी फतेहपुर से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं कोठी थाना क्षेत्र के बुधनई चौराहा के पास मंगलवार सुबह सात बजे परिवहन निगम की अनुबंधित बस हैदरगढ़ की तरफ से सवारियां लेकर बाराबंकी जा रही थी। त
भी एक ट्रक को ओवर टेक करते समय सामने से आ रही ट्रक से भिड़ गई। जिससे बस का बांया हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक रामसजीवन निवासी चकतारा थाना असन्द्रा, सुभाष निवासी गाजपुर, जिला सीतापुर, रामकुमार निवासी कस्बा हैदरगढ़ घायल हो गए। तीनों घायलों को लेकर सीएचसी कोठी पहुंचाया गया। जहां उपचार के बाद चालक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।