पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी कर शुक्रवार देर रात शहरी के बीचोबीच नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में करीब 25 लाख रुपये की शराब बरामद हुई है। तीन आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। खास बात यह है कि फैक्ट्री के संचालक के पास जिले में शराब की लगभग दस दुकानों का ठेका है।
पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने शनिवार को पुलिस लाइन में वार्ता में बताया कि आबकारी व कोतवाली पुलिस की टीम ने शुक्रवार की देर रात बंकी कस्बे में एक घर में छापेमारी कर वहां से करीब 25 लाख रुपये कीमत की मिलावटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने मिलावटी शराब बनाने का उपकरण व सामग्री भी बरामद की है। पुलिस ने तीन आरोपी विनय जायसवाल निवासी कृष्णा नगर, अतुल जायसवाल निवासी हजाराबाग व हीरालाल जायसवाल निवासी रकाबगंज थाना वजीरगंज लखनऊ को पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए है। जबकि इस कारोबार का मुखिया शहर की नहर कॉलोनी निवासी संजय जायसवाल पुलिस के हत्थे नहीं लग सका है। उसके पास जिले में शराब की लगभग दस दुकानों का ठेका है जहां पर वह लगातार मिलावटी शराब बेचने का काम कर रहा था। अफसरों की नाक के नीचे शहर मेें चल रहे इतने बड़े अवैध कारोबार से हर किसी के होश उड़ गए हैं।