बाराबंकी। देवां थाना क्षेत्र के हरई स्थित अभियुक्त बाबा परमानंद का आश्रम।
- फोटो : अमर उजाला
संतान पैदा करने के लिए बाबा द्वारा फैलाए गए इस रैकेट में कई नामी-गिरामी चिकित्सकों का भी अहम रोल सामने आ रहा है। बाबा के आश्रम पर आने वाली पीजीआई की एक महिला चिकित्सक समेत तीन डॉक्टरों के बाबा का करीबी होने की बात सामने आई है।
हालांकि पुलिस अभी किसी भी डॉक्टर का नाम नहीं बता रही है लेकिन जांच पड़ताल में पुलिस इन चिकित्सकों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है। बाबा परमानंद के आश्रम पर आने वाले भक्तोें में छोटे से लेकर बड़े तबके हर वर्ग की महिलाएं शामिल रहती थीं।
बाबा के आश्रम पर नजर डालें तो यहां कई नेता, बड़े पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बाबा की फोटो लगी हैं। इन्हीं वजहों के चलते बाबा अपने काले कारनामों पर पर्दा डालते हुए पुलिस पकड़ से लगातार बच रहा था।
पुलिस द्वारा अब तक जो जांच की गई है उसमें पता लगा है कि बाबा द्वारा महिलाओं को बच्चा पैदा करने के नाम पर शोषण करने के काम मेें कुछ डॉक्टर भी मदद करते थे। बाबा जो दवाएं इस्तेमाल करता था वह दवाएं इन चिकित्सकों के द्वारा बाबा को मिलती थीं। अभी पुलिस ने किसी डॉक्टर का नाम नहीं बताया है लेकिन आगे की जांच मेें पुलिस इन डॉक्टरों पर भी शिकंजा कस सकती है।
एसपी अब्दुल हमीद ने बताया कि बाबा के आश्रम में तीन डॉक्टराें के आने-जाने की बात पता लगी है इनमें पीजीआई की एक महिला डॉक्टर भी यहां रेगुलर आती थी। कप्तान ने अभी किसी भी डॉक्टर का नाम बताने से इंकार करते हुए कहा कि पुलिस इन डॉक्टरों से पूछताछ करने के बाद बाबा से इनके रिश्तों के बारे में पड़ताल करेगी।
एसपी ने कहा कि यदि किसी चिकित्सक की भूमिका गलत मिलती है तो उसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई होगी।