साइबर अपराधियों ने रामनगर डिग्री कॉलेज के एक प्रवक्ता के क्रेडिट कार्ड से करीब दो लाख रुपये के सामान की खरीद कर डाली। प्रवक्ता का कार्ड लॉक होने पर इसकी रिपोर्ट निकलवाई गई तो पता चला कि कि कार्ड का रजिस्टर्ड, मोबाइल नंबर व आईडी बदल दी गई है। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच साइबर सेल को भेज दी है।
वीरेंद्र बहादुर सिंह रामनगर डिग्री कॉलेज में समाज शास्त्र के प्रवक्ता हैं। इनका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रामनगर में खाता है। इन्होंने बताया कि वह क्रेेडिट कार्ड के माध्यम से ही सामान की खरीद करते थे। सामान खरीद पर उसका मैसेज भी आ जाता था। नवंबर में सामान खरीद की कोशिश की गई तो इसका भुगतान नहीं हो सका। न ही मोबाइल पर कोई सूचना आई। इंटरनेट पर मामले की जानकारी की गई तो पता चला कि क्रेडिट कार्ड लॉक है। प्रवक्ता वीरेंद्र ने बताया कि इस पर वह क्रेडिट कार्ड सर्विस कार्यालय गोमती नगर विभूत खंड लखनऊ पहुंचे।
यहां पर जानकारी किए जाने पर बताया कि गया कि कार्ड का रजिस्टर्ड नंबर, मोबाइल नंबर व आईडी बदल दी गई है। इस कार्ड से 1.91 लाख रुपये की खरीद भी की गई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी से अपना कार्ड शेयर नहीं किया है। किसी को कार्ड के संबंध में कोई सूचना भी नहीं दी गई है। पीड़ित वीरेंद्र सिंह ने बताया कि क्रेडिट कार्ड सर्विस कर्मियों व साइबर अपराधियों की मिलीभगत से यह अपराध किया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला साइबर अपराध से जुड़ा है। इस लिए जांच साइबर सेल को भेजी जाएगी।