बाराबंकी में सोमवार को नेबलेट काॅलेज में परीक्षा देते मदरसा के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
मदरसा बोर्ड की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। पहले ही दिन परीक्षा केंद्र इरम इस्लामिया इंटर कॉलेज में एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। डीआईओएस द्वारा पकड़ा गया फर्जी परीक्षार्थी अपने बड़े भाई की जगह कामिल द्वितीय वर्ष की परीक्षा दे रहा था।
उसके खिलाफ नकल विरोधी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को फर्जी परीक्षार्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं सोमवार से 12 केंद्रों पर शुरू हुई। इसमें मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल व फाजिल की परीक्षाएं हो रही हैं। परीक्षा में कुल 7044 परीक्षार्थी शामिल किए गए हैं। केंद्र इरम इस्लामियां इंटर कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक रामशरण सिंह ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कामिल द्वितीय वर्ष की परीक्षा दे रहे एक मुन्ना भाई को डीआईओएस ने धर दबोचा। वह अपने बड़े भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। बड़ा भाई मदरसा दारुल उलूम पीरबटावन का छात्र है।
डीआईओएस रामशरण सिंह ने पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थी के खिलाफ केंद्र के लॉग बुक में भी लिखा और केंद्र व्यवस्थापक को इस छात्र के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं।