रामनगर थाना क्षेत्र के कटका गांव में हुए एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई व भाभी ने ढाई लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या करवाई थी। पुलिस ने मृतक के सगे भाई व भाभी समेत तीन लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट मेें पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए है।
एसपी राजू बाबू सिंह ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में बताया कि रामनगर थाना क्षेत्र के कटका गांव में 20 दिसंबर को हुई मुकेश कुमार यादव पुत्र साधूराम की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर तीन आरोपी पकड़े हैं।
पकड़े गए आरोपियों में मृतक का सगा भाई रामदिनेश यादव, भाभी ललिता व भाभी का प्रेमी पुत्तन यादव निवासी ग्राम रामपुर थाना दरियाबाद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त किया गया लोहे का राड व दो मोबाइल फोन बरामद किया है।
बताया जाता है कि संपत्ति के विवाद में यह वारदात हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुधीर कुमार सिंह, श्रीकांत मिश्रा, रत्नेश कुमार सिंह, विकास सिंह, आशीष कुमार आदि पुलिस टीम को एसपी ने पांच हजार का पुरस्कार दिया है।
ढाई लाख में दी थी हत्या की सुपारी
सीओ रामनगर दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के सगे भाई रामदिनेश यादव ने पत्नी के प्रेमी पुत्तन यादव को भाई मुकेश की हत्या करने के लिए ढाई लाख रुपये में सुपारी दी थी। इसके लिए एक लाख रुपये दिया भी जा चुका था। पुलिस की मानें तो मृतक के भाई ने इस वारदात की साजिश रची और पत्नी व पुत्तन यादव के साथ जाकर खुद ही अपने भाई के सर पर लोहे के राड से हमला कर उसे मार डाला व इसके बाद इसे हादसे का रूप देने के लिए शव लेकर घर आ गया था।
पुलिस का कहना है कि इस वारदात में अभी कुछ और आरोपी शामिल हैं। जिनके बारे में पता लगाकर कार्रवाई होगी। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच 12 बीघे जमीन थी, इसी के चलते एक भाई ने दूसरे भाई की जान ले ली है।