दरहरा गांव में शराब की दुकान संचालित करने को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को दुकान बंद कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए गुमटी में चल रही शराब की दुकान तोड़ डाली और गांव के बाहर फेंक दिया।
जिसके बाद पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने शराब की दुकान में बिक्री बंद करवाने का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों के विरोध के बाद अब दूसरी जगह पर शराब की दुकान संचालित कराने की बात अधिकारियों ने कही है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के दरहरा गांव में देशी शराब की दुकान का ठेका एक गुमटी में संचालित किया जा रहा था। यहां के ग्रामीण रूपचंद, अनिल, विनोद, हनोमान, रामेश्वर, दिलीप, राजेंद्र, लल्लू, पिंटू, रामू आदि ने कई बार डीएम को प्रार्थना पत्र देकर शराब की दुकान को गांव से दूर संचालित कराने की मांग की थी लेकिन इसके बाद भी दुकान हटाई नहीं गई।
जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार दोपहर शराब की दुकान की गुमटी उठाकर उसे गांव के बाहर फेेंक दिया और गांव में ही एकत्र होकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में शराब की दुकान होने से यहंा आने वाले शराबी महिलाओं व युवतियों के साथ अभद्रता करते है।
मामले की जानकारी पर पहुंचे आबकारी निरीक्षक रविशंकर ने लोगों को समझाबुझाकर शांत करवाया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि शराब की दुकान में बिक्री पर रोक लगा दी गई है। कहा गांव से बाहर दूसरी जगह पर शराब की दुकान संचालित करवाई जाएगी इसके लिए जगह की तलाश की जा रही है।