भिटरिया की एचडीएफसी बैंक शाखा में तैनात कैशियर व चपरासी पर बैंक से लौटते समय बाइक सवार दो बदमाशों ने शुक्रवार देर शाम तेजाब फेंक दिया। हमले में दोनों बुरी तरह से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को निजी नर्सिंग होम पहुंचाया जहां से उन्हें लखनऊ सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एचडीएफसी की रामसनेहीघाट शाखा में कैशियर विनय सिंह (35) आदर्श नगर सीतापुर के मूल निवासी हैं। इस समय वो सफेदाबाद स्थित अपनी ससुराल में रहते हैं। काम खत्म करने के बाद विनय सिंह शुक्रवार रात करीब आठ बजे सफेदाबाद जाने के लिए सहयोगी मनोज कुमार (35) के साथ दिलोना मोड़ बाईपास से जा रहे थे।
रास्ते में ब्लॉक कार्यालय के पास पीछे से आए बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर तेजाब फेंका और भाग निकले। बाइक चला रहा हमलावर लाल रंग का हेलमेट लगाए था।
तेजाब पड़ते ही मनोज व विनय सिंह दोनों बाइक से गिर पड़े। आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को पास ही स्थित निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां से दोनों को लखनऊ के सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। कोतवाल जेएल सोनकर का कहना है कि नाकाबंदी कर बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है।