खेत में मवेशी जाने पर शनिवार को एक पक्ष पर चार लोगाें ने जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में आठ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। परिवारीजनों ने सभी घायलों को सीएचसी देवा पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होते देख चार घायलों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिवारीजनों ने चार लोगाें के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है।
देवा थाना क्षेत्र के ग्राम सिपहिया निवासी नसीम की बकरी पास के ग्राम समाज की जमीन में चर रही थी। आरोप है कि उसी जमीन के आधो हिस्से में गांव के ही कुर्बान धनिया, मिर्चा लगा रहा है। मवेशी के खेत में चले जाने से कुर्बान अपने परिवार के साथ मौके पर आकर गाली-गलौज करने लगा। अपनी बकरी पकड़ने पहुंचे नसीम (45) को दबंगो ने पकड़ लिया और पिटाई करना शुरू कर दी। बीच बचाव करने पहुंची मुफीदुन (40), शलमा बेगम (42), तौफीक (24), सलमान (20), महबूब (45), शन्नो (40) व रसीद (38) की जमकर पिटाई कर दी।
मुफीदुन ने बताया कि जावेद ने फावड़ा व सरताज, जाफर ने बांके से हमला कर दोबारा खेत में जानवर आने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। लहूलुहान सभी लोगों को परिवारीजन थाना देवा ले गए। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी देवा भेजा, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में तौफीक, महबूब, शन्नो व रसीद की हालत गंभीर होते देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बकरी चराने को लेकर दो पक्षाें में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। घायलों की ओर से चार लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। -बीडी तिवारी, थानाध्यक्ष देवा