जालसाज ने फोन पर बैंक अधिकारी बन एटीएम का पिन कोड पूछ लिया और एक युवक के खाते से 32 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत की है।
मसौली थाना क्षेत्र के सआदतगंज निवासी मोहम्मद कफील पुत्र मोहम्मद शफीक ने शहर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि रविवार दोपहर उसके मोबाइल फोन नंबर पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया।
फोन करने वाले व्यक्ति ने कफील से कहा कि वह एक बैंक के हेड आफिस से बोल रहा है और आपका एटीएम बदलना है इसलिए अपने एटीएम का पिन बता दो। कफील ने जब उसे अपने एटीएम का कोड बता दिया तो कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से 32 हजार रुपये की नकदी निकाल ली गई।
मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने संबंधित बैंक को फोन कर अपना एटीएम बंद कराने के साथ इसकी शिकायत पुलिस से की। शहर कोतवाल शशीकांत मिश्रा का कहना है कि साइबर सेल द्वारा मामले की जांच पड़ताल करवाने के बाद कार्रवाई की जाएगी।