एटीएम कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर महिला ठग ने एक व्यक्ति से उसके खाते की डिटेल व पिनकोड पूछ लिया और फिर उसके खाते से सात हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित व्यक्ति ने रविवार को थाने में अज्ञात महिला के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में छानबीन कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सतरिख कस्बा निवासी मोहम्मद आमिर ने बताया कि दो दिन पूर्व उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाली महिला ने खुद को भारतीय स्टेट बैंक मुंबई की अधिकारी बताया। महिला ने आमिर को उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक होने की जानकारी देते हुए खाते की डिटेल व पिनकोड पूछ लिया।
महिला के फोन काटने के कुछ देर बाद आमिर को पता चला कि उसके खाते से सात हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। आमिर ने बताया कि उसका खाता बैंक ऑफ इंडिया में है मगर फोन करने वाली महिला खुद को एसबीआई की अधिकारी बता रही थी।
आमिर ने थाने में तहरीर देने के साथ ही बैंक मैनेजर को भी प्रार्थनापत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग की है। इस बारे में एसओ सतरिख जितेंद्र सिंह सेंगर का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। कहा यदि कोई शिकायत करेगा तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।