दो व्यवसायी भाइयों व नौकर का कार समेत अपहरण
फतेहपुर (बाराबंकी)। दुकान बंद कर कार से सीतापुर स्थित घर जा रहे दवा व्यापारी दो भाइयों व उनके नौकर का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र के व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं, दूसरी कार से घर लौट रहे व्यवसायी के पुत्रों ने पीछा किया तो बदमाश जहांगीराबाद क्षेत्र में तीनों को कार से उतारकर नकदी, गहने व कार लूटकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घेराबंदी की मगर उनका कुछ पता नहीं लग सका। वारदात के बाद बाराबंकी व सीतापुर पुलिस में काफी देर तक सीमा विवाद चलता रहा, बाद में मोहम्मदपुर खाला कोतवाली में मुुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।
सीतापुर के थाना महमूदाबाद के पैंतेपुर कस्बा निवासी उमाशंकर जैन व उनके भाई अशोक जैन की फतेहपुर कस्बे के पटेल नगर में दवा की दुकान है। दोनों भाई दवा का थोक व फुटकर व्यापार करते हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों भाई अपने नौकर विष्णु कुमार के साथ दुकान बंद कर स्विफ्ट डिजायर कार से घर जा रहे थे। तभी बेलहरा पैंतेपुर मार्ग पर सिंघनपुर गांव, थाना महमूदाबाद, सीतापुर के पास कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उमाशंकर की गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद दोनों भाइयों व नौकर को कार समेत अगवा कर बदमाश फतेहपुर की ओर भागे। तभी बेलहरा कस्बे के पास व्यापारियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसी वक्त दवा का फुटकर कारोबार करने वाले दोनों व्यापारियों के पुत्र रमन जैन, वैभव जैन व गोपाल जैन भी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। पिता की कार को वापस लौटते देख तीनों भाइयों ने अनहोनी की आशंका में कार मोड़ी और उनकी गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। इस बीच बेलहरा फतेहपुर मार्ग पर सांई पीजी कॉलेज के पास कार में बंधक व्यापारियों ने फिर शोर मचाया। पिता की आवाज सुनकर रमन जैन उन्हें बचाने के लिए गाड़ी से कूद गया मगर उनकी गाड़ी रोक नहीं सका। ये देख वैभव जैन ने पीछा किया मगर बदमाश चकमा देकर फरार हो गए। रमन ने घटना की जानकारी पुलिस व परिवारीजनों को दी तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। दूसरी ओर वारदात से आक्रोशित कस्बे के तमाम व्यापारी फतेहपुर कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस बदमाशों की तलाश कर ही रही थी कि पता चला कि वे दोनों व्यापारियों व उनके नौकर को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में सिहाली सद्दीपुर मार्ग पर कार से उतारकर भाग गए हैं। इस बीच घटना की खबर पाकर अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा ने फतेहपुर कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों को समझाकर शांत कराया। कुछ ही देर में जहांगीराबाद पुलिस दोनों व्यापारियों व उनके नौकर को लेकर पहुंची तो सभी ने राहत की सांस ली।
पीड़ित व्यवसायियों ने बताया कि बदमाशों ने अगवा कर उन्हें व नौकर को कार में ही जमकर पीटा और करीब छह हजार रुपये कैश, सोने व चांदी की दो अंगूठी, सोने की चेन, कार व सभी के मोबाइल फोन लूट ले गए हैं। बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद तीनों लोगों ने बाइक सवार एक युवक को रोककर आपबीती सुनाई और उसी के मोबाइल फोन से यूपी-100 के नंबर पर कॉल कर सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को जहांगीराबाद थाने लेकर पहुंच गई। पीड़ित उमाशंकर जैन व अशोक जैन ने बताया कि, उन्हें अगवा करने वाले चारों बदमाश युवा थे। सभी अपने चेहरे पर कपड़ा लपेटे थे और भाषाशैली से पूर्वांचल के लग रहे थे। पुलिस का मानना है कि, बदमाशों ने व्यापारियों की रेकी कर वारदात अंजाम दी है। गनीमत ये रही कि बदमाशों को ये नहीं पता था कि जिस रास्ते से वे भाग रहे हैं उसी रास्ते से व्यापारियों के पुत्र भी आते हैं। वहीं, पुलिस के भी तत्काल सक्रिय होने के चलते बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
दवा व्यापारियों की कार बदमाशों ने जिस जगह ओवरटेक कर रोकी थी वह क्षेत्र सीतापुर के महमूदाबाद थाने में आता है। बाराबंकी व सीतापुर की सीमा का मामला होने के कारण दोनों जिलों की पुलिस में काफी देर तक सीमा विवाद चला। घंटों बाद बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाने में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि, मामले में कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।