एडी बेसिक के निलंबन को एसपी ने डीएम गोंडा को भेजा पत्र
बाराबंकी। शिखर हत्याकांड में फरार चल रही एडी बेसिक मृदुला आनंद को निलंबित करने के लिए एसपी ने गोंडा के डीएम को पत्र भेजा है। जबकि पुलिस टीम आरोपी महिला अधिकारी व तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगी है। मृदुला आनंद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये इनाम भी घोषित किया है।
बताते चलें कि बहराइच निवासी इंजीनियर शिखर श्रीवास्तव की हत्या जनवरी 2015 में की गई थी। मामले में नामजद आरोपी तत्कालीन विधायक डॉ. विजय कुमार को पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि उसकी पत्नी व एडी बेसिक मृदुला आनंद फरार है।
मृदुला के घर की कुर्की करने के साथ ही 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। जबकि इसी मामले में तीन अन्य नामजद आरोपी अमित कुमार निवासी संतकबीरनगर, संगम व रिंकू निवासी गोरखपुर भी अभी तक गिरफ्तार नहीं किए जा सके हैं।
पुलिस ने अब इन तीनों के खिलाफ भी दस-दस हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। वहीं गोंडा में एडी बेसिक पद पर तैनात मृदुला आनंद को निलंबित करने के लिए एसपी ने वहां के डीएम से पत्राचार किया है।
एसपी डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि महिला अधिकारी को निलंबित करने के लिए शासन व डीएम गोंडा को पत्र लिखा है। वहीं, सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार लखनऊ समेत अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।