रफ्तार ने ली तीन बाइक सवारों की जान
बाराबंकी। जिले में अलग अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में रफ्तार ने तीन युवकों की जान ले ली। हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
थाना थानगांव जनपद सीतापुर के ग्राम शंकरपुर निवासी अतुल कुमार (22) अपने चचेरे भाई विजय वाजपेई (25) के साथ लखनऊ में रहकर बी फार्मा की पढ़ाई करता था। बृहस्पतिवार की रात दीपावली में दोनों भाई बाइक से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ना के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गये। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अतुल सड़क के किनारे स्थित खंती में भरे पानी में चला गया, वहीं विजय भी दूर जा गिरा। होश आने पर विजय ने परिवारीजनों को फोन से घटना की जानकारी दी। इस पर परिवारीजनों ने विजय को लखनऊ स्थित एक अस्पताल पहुंचाया। अतुल के नहीं मिलने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाश की पर रात होने के चलते कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की दोपहर में अतुल का शव खंती में भरे पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। एसओ विजय सिंह का कहना है कि जिस वाहन से हादसा हुआ है उसका पता लगाया जा रहा है।
वहीं लोनी कटरा थाना क्षेत्र में मोधूपुरवा के पास बाइक से जा रहे गोसाईंगंज लखनऊ निवासी विनोद निर्माणाधीन पुलिया में अनियंत्रित होने से गिर गया। इससे वहीं पर पड़ी सरिया उसके शरीर में घुस गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी पर पहुंचे एसओ लोनीकटरा वीपी यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की है। उधर रामसनेहीघाट के निकट एक एसयूवी अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे एसयूवी सवार देवरिया निवासी संजीव अरोड़ा, उनकी पत्नी मोनिका वह दो बेटियां सिमरन और स्मित तथा चालक रोशन गंभीर रुप से घायल हो गए। जानकारी पर पहुंची यूपी 100 की पुलिस सभी घायलों को उपचार के लिए निकट के अस्पताल ले गई, जहां से सभी को ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है।
वहीं रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बनर्की निवासी अमरेश (16) व अंकित (18) शुक्रवार की शाम बाइक से हेतमापुर मेला देखने जा रहे थे। कडाकापुर चौराहे के पास रानीगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमरेश व अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अमरेश ने दम तोड़ दिया। वहीं अंकित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी भी हालत नाजुक बनी है। मृतक के परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक लालता प्रसाद साहू का कहना है कि हादसे के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है। हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।