एसटीएफ व सफदरगंज पुलिस नेे शुक्रवार को अंबाला से ट्रक से लाई गई 1180 पेटी शराब पकड़ी है। इसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये है। ट्रक चालक भी पकड़ा गया है।
पंजाब के अंबाला से ट्रक में लादकर लाई जा रही 1180 पेटी शराब एसटीएफ व सफदरगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ी है। शुक्रवार दोपहर सफदरगंज चौराहा स्थित पेट्रोल पंप से पकड़े गए इस ट्रक का चालक दिनेश पवार भोपाल का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बरामद शराब की कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
ट्रक चालक दिनेश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि अंबाला से चलने के बाद इस ट्रक मेें पांच चालक बदले गए थे। दिनेश को बरेली के पहले ट्रक देकर बाराबंकी में सफदरगंज चौराहे पर पहुंचाने को कहा गया था। चालक की मानें तो कोई उससे लगातार मोबाइल फोन पर संपर्क में था और उसे रास्ता भी बता रहा था। अब पुलिस व एसटीएफ की टीम ट्रक चालक के मोबाइल फोन की पड़ताल कर मुख्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।