शहर में बंकी नगर पंचायत के एक सभासद के व्यापारी भाई पर सोमवार देर रात शराब के नशे में धुत युवकोें ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सभासद के भाई की दुकान में तोड़फोड़ करके से 35 हजार रुपये की नगदी भी लूट ली। कोतवाली में शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल करने का आश्वासन दिया है।
बंकी नगर पंचायत के सभासद बैजनाथ चौरसिया के छोटे भाई वास्को चौरसिया की सिविल लाइंस क्षेत्र में जनेस्मा के पास कॉपी-किताब की दुकान है। सोमवार देर रात वास्को दुकान बंद कर रहे थे तभी वहां पहुंचे बंकी दक्षिण टोला निवासी प्रदीप यादव, कुलदीप यादव, रामजी व सोनू ने उन पर डंडों से हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावर युवक शराब के नशे में धुत थे। ये लोग दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही गल्ले में रखे 35 हजार रुपये की नगदी लूटकर भाग गए।
हमले में घायल वास्को ने सिविल लाइंस पुलिस चौकी पर जाकर घटना की सूचना दी। इस पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली। सभासद व उनके भाई ने हमलावरों से अपनी जान का खतरा जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल रवींद्र सिंह का कहना है कि, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।