सुढ़ियामऊ(बाराबंकी)। सूरतगंज क्षेत्र के ठाकुरपुरवा गांव में अज्ञात कारणों से गन्ना कोल्हू में आग लग गई। तेज पछुवा हवा से आग ने विकराल रुप ले लिया। कोल्हू के उपकरण सहित गन्ना, गुड़, खोई जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने सूचना दमकल कर्मियों को दी, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। राजस्व टीम ने आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।
क्षेत्र के ठाकुर पुरवा मजरे पर्वतपुर निवासी जमील गांव के बाहर गन्ना कोल्हू लगाकर गुड़ तैयार करते हैं। जमील के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कोल्हू पर काम करने वाले सभी लोग खाना खाने घर गए थे। तभी अचानक अज्ञात कारणों से खोई के ढेर में आग लग गई। देखते ही देखते आग कोल्हू के पूरे हिस्से में फैल गई। जमील के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाना शुरू किया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना फायर बिग्रेड टीम को दी, लेकिन दूरी अधिक होेने से दमकल टीम एक घंटे लेट से पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने आग बुझा ली गई थी। जमील ने बताया कि आग से करीब एक लाख रुपये की हानि हुई है। इस संबंध में रामनगर एसडीएम सीपी पाठक ने बताया कि जानकारी मिलने पर हल्का लेखपाल को भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आर्थिक मदद दी जाएगी।