नौकरी का झांसा देकर तीन सौ बेरोजगारों से लाखों की ठगी
बाराबंकी। समूह बनाकर काम करने व उसमें नौकरी का लालच देकर जिले के तीन सौ बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ितों का कहना है कि जब उनके द्वारा ठगों से पैसे की मांग की गई तो वह मारपीट पर अमादा हो गए। इस मामले में कार्रवाई के लिए दर्जनों युवकों ने मंगलवार को एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अजगना गांव निवासी संदीप कुमार चौहान द्वारा एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि सर्वोदय फाउंडेशन नाम की संस्था के प्रभारी रवि रावत निवासी ग्राम महावीरपुरवा मजरे किशुनपुर थाना इंटौजा जनपद लखनऊ के द्वारा प्रतिमाह साढ़े बारह हजार रुपये तनख्वाह देने की बात कहते हुए कहा कि प्रत्येक ब्लाक में अपने साथ युवकों को जोड़ों और उनसे साढ़े सात सात हजार रुपये जमा कराओ। इसके एवज में सभी युवकों को नौकरी देने व प्रतिमाह साढ़े आठ हजार वेतन दिलाने का लालच दिया गया था। इसके बाद जिले के विभिन्न ब्लाकों के करीब तीन सौ युवकों ने इस संस्था में अपने अपने पैसे जमा करवा दिए। इन सभी युवकों से भी कहा गया कि संस्था में नौकरी मिलेगी जिसके तहत बताया जाने वाला काम करना पडे़ेगा और इसके एवज में हर माह पैसा भी दिया जाएगा। कई महीने बीतने के बाद भी जब किसी युवक को न तो नौकरी मिली और न ही उनका पैसा वापस मिला तो सभी ने संस्था के प्रभारी से संपर्क किया लेकिन तब उसने पैसे व नौकरी दिलाने से मना कर दिया। पीड़ित युवक विक्रम कुमार, गनेश, श्रीनाथ चौहान, घनश्याम, हंसराज, सत्यम कुमार, राहुल कुमार, रोहित, सुभाषचंद्र, अनिल कुमार, पूनम कुमारी, विजय कुमार आदि ने मंगलवार को एसपी के पास पहुंचकर बताया कि ठगी करने वाले रवि रावत व उनके साथियों ने पैसा देने से इंकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। एसपी अनिल कुमार सिंह ने पूरे मामले में जहांगीराबाद पुलिस को जांच सौंपकर कार्रवाई किए जाने का आदेश दिया है।