फतेहपुर(बाराबंकी)। नगर पंचायत फतेहपुर के अधिशासी अधिकारी की पिटाई करने वाले सभासद पुत्र को पहले तो शांति भंग की धाराओं में किये गये चालान में एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई थी। इसके बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने सभासद पुत्र को फिर से गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया।
बताते चलें कि बीते 14 मार्च की रात अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत फतेहपुर योगेश प्रताप मिश्र किसी कार्य से चेयरमैन आवास गये थे, जहां सभासद पुत्र संतोष मिश्रा ने जमीन के मामले में अनापत्ति प्रमाण पत्र वापस न लेने पर ईओ के साथ अभद्रता करते हुए पिटाई कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने ईओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी संतोष मिश्रा को गिरफ्तार कर शांति भंग की धारा में एसडीएम कोर्ट में पेश किया था, जहां पर उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था। इस बीच आलाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद रविवार को पुलिस ने सभासद पुत्र संतोष मिश्रा को फिर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी सभासद पुत्र को जेल भेजा गया है।