सुढ़ियामऊ(बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के केदारीपुर व बाबापुरवा गांव में सोमवार की रात दीवार फांद कर घुसे बदमाशों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वहीं दूसरे गांव में एक घर में पहुंचे बदमाशों की आहट पर घर का एक सदस्य जगने की आहट पाकर बदमाशों ने फायर झोंक दिया। करीब तीन राउंड हुई फायरिंग में पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम केदारीपुर निवासी रामशंकर के यहां सोमवार की रात आ धमके बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया पर असफल रहे। यहां से चोर पांच हजार रुपये नकद व सामान उठा ले गए। इसके बाद पास गांव बाबापुरवा मजरे सरसंडा पहुंचे बदमाशों ने यहां के निवासी भोला के घर पर धावा बोल दिया। जहां बक्से का ताला तोड़कर तीस हजार की नकदी व हजारों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
इसी बीच भोला का पुत्र राजेन्द्र जाग गया और शोर मचाना शुरू कर दिया। अपने को फंसता देख घर में मौजूद तीन बदमाशों व परिवारीजनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच बदमाशों ने अवैध असलहे से फायर झोंक दिया। तीन राउंड हुई फायरिंग में भोला व उसके पुत्र राजेन्द्र को गोली लग गई। घटना के बाद घर से भागते समय बदमाशों ने एक हथगोला छप्पर पर फेंका लेकिन वह फटा नहीं।
यहीं नहीं गांव से तीन सौ मीटर दूर पहुंचकर बदमाशों ने एक फायर और भी किया। राजेन्द्र ने इसकी सूचना पुलिस को दी इसके बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने घायलों को सीएचसी सूरतगंज में भर्ती कराया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी पर एएसपी आरएस गौतम व फतेहपुर सीओ अरविंद कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। मौके से एक 315 बोर का असलहा, हथगोला व मोफलर पुलिस ने बरामद किया है।