पेट्रोल पंपों पर छापा, एक मशीन सीज
पल्सर कार्ड में चिप लगाए की गई थी छेड़छाड़
बाराबंकी। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में गठित टीम ने बृहस्पतिवार को तीन पेट्रोल पंपों पर छापा मारा। इस दौरान एक पेट्रोल पंप की पेट्रोल मशीन में लगे पल्सर कार्ड से छेड़छाड़ करने और चिप लगाए जाने के संकेत पाए जाने पर मशीन को सीज कर दिया गया है।
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले इकबाल फीलिंग सेंटर खजूरगांव पर छापा मारा। जांच पड़ताल के दौरान टीम को यहां पर कुछ नहीं मिला। इसके बाद टीम मेसर्स श्री ललिते फीलिंग सेंटर देवा कुर्सी मार्ग खेवली पर पहुंची। जांच के दौरान टीम ने पाया कि पेट्रोल यूनिट पर लगेे पल्सर कार्ड से छेड़छाड़ की गई है। यही नहीं यहां पर चिप भी लगाए जाने के संकेत भी मिले हैं। जिस पर टीम ने पेट्रोल मशीन को सीज करते हुए पल्सर कार्ड को जांच के लिए भेजा गया है। इसके बाद टीम ने कुर्सी रोड स्थित एलिया फिलिंगे सेंटर की जांच की लेकिन टीम को यहां पर भी सबकुछ ठीक-ठाक मिला। इस मौके पर एआरओ सुरेश कुमार सिंह, सुशील कुमार, नर सिंह नारायण और तेल कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे।