तार में फंसकर गिरा युवक, भिड़े दो पक्ष, विवाह स्थल पर तोड़फोड़
बाराबंकी। शादी के लिए खींचे जा रहे बिजली का तार फंसने से एक बाइक बाइक सवार नीचे जा गिरा। इसी बात को लेकर हुई मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि दबंगों ने टेंट की कुर्सियां तोड़ डालीं व वैवाहिक समारोह स्थल को भी ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेज मामले की जांच शुरू की है। पीड़ित ने फायरिंग करने व लूटपाट का भी आरोप जड़ा है।
पुलिस के मुताबिक लोनीकटरा थाना क्षेत्र के रबड़हिया गांव के सोहनलाल रावत के पुत्र धीरज का रविवार को विवाह था। शनिवार की शाम को दरवाजे पर लगे टेंट में लाइट के लिए तार खींचा जा रहा था। इसी दौरान बाइक से जा रहे गांव का अंकुर तार में फंस कर गिर गया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। तार खींच रहे सूरजलाल ने साथियों के साथ अंकुर की पिटाई कर दी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने अंकुर के समर्थन में आकर टेंट वालों की तलाश में सोहन लाल के घर पर पहुंचे और दोनों पक्ष भिड़ गए।
इस मारपीट में सोहनलाल, इनकी बहन शर्मा देवी व पत्नी घायल हो गई। टेंट वालों के नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने मौके पर रखी कुर्सियां व लाइटें तोड़ दीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर तोड़फोड़ कर रहे लोगों को भगाया व कई को हिरासत में भी लिया है। पीड़ित सोहनलाल ने गांव के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने व एक लाख कीमत के जेवर लूटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार प्रजापति ने बताया फायरिंग व लूट का आरोप पुलिस की जांच में सही नहीं पाया गया है। मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।