हादसों में निर्माण एजेंसी के सुपरवाइजर समेत पांच की मौत
बाराबंकी। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में सड़क निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोतौना में दिलीप बिल्डिकान के हाट मिक्स प्लांट के सुपरवाइजर लोडर की चपेट में आने से मौत हो गई। शनिवार देर रात को बिहार के रोहताश जिले के संजीव कुमार (28) पुत्र विजय कुमार गोतौना में हाट मिक्स प्लांट में कार्य के दौरान लोडर की चपेट में आने से घायल हो गए थे। साथी कर्मचारियों ने कंपनी के वाहन से तत्काल सीएचसी पहुंचाया जहां से गंभीर अवस्था में रेफर कर दिया गया था। रविवार शाम को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। कंपनी के अधिकारी सचिन जैन ने बताया मृतक कंपनी का नियमित कर्मचारी था रात को फोन पर बात करने के दौरान बैक हो रहे लोडर की चपेट में आकर घायल हुआ था। वहीं शनिवार देर रात कोठी थाना क्षेत्र के हैदरगढ़ मार्ग पर सोहावा मोड़ के पास हैदरगढ़ की ओर से आ रहे बाइक सवार सतीश कुमार (22) व मेवालाल को एक कार ने टक्कर मार दिया। इसमें सतीश की मौत हो गई जबकि मेवालाल का इलाज किया जा रहा है। हादसा करने वाले वाहन का पता नहीं लग सका है। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भुड़ेहरी निवासी मोहम्मद नईम (70) को रविवार सुबह हाईवे पार करते समय बाइक सवार ने टक्कर मार दिया था। थे हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध को सीएचसी लाया गया जहां उनकी मौत हो गई है। वहीं कुर्सी थाना क्षेत्र में शनिवार रात बाइक से जा रहे विक्रम (35) निवासी कुकरिहा दरावा को नहर शारदा नहर पर एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया जिसमें इनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक 30 वर्षीय युवक को शहर में हाईवे पर घायल हालत में मिलने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसकी रविवार सुबह मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने हादसों में मरने वाले सभी लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।