विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, हत्या का आरोप
- असंद्रा थाना क्षेत्र के गंगोइया पठान गांव की घटना
सिद्धौर(बाराबंकी)। एक विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके परिवारीजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के गंगोईया पठान गांव निवासीपरवीन बानो(22)पत्नी मोहम्मद आलम ने रविवार की देर रात कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर छत के छल्ले से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार की सुबह कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिवारीजनों ने खिड़की से देखा तो उनके होश उड़ गए और इसकी सूचना असन्द्रा पुलिस को दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर शव को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई मुख्तार अहमद निवासी लक्ष्बर बजहा थाना सफदरगंज का आरोप है कि उन्होंने बहन परवीन बानो की शादी लगभग 4 वर्ष पूर्व मोहम्मद आलम के साथ की थी और इनका 8 माह का एक पुत्र भी है। भाई ने बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। चौकी इंचार्ज सिद्धौर लल्लन सिंह ने बताया कि अभी तक किसी ने कोई शिकायत नहीं की है शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।