बाराबंकी। जिले में रामनगर, सैदखानपुर, हैदरगढ़ व फतेहपुर क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बृहस्पतिवार सुबह फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसूलपनाह के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी पुलिस ने आस पास के लोगों को बुलाकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक की शिनाख्त थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के कस्बा बेलहरा निवासी बरसाती लाल की रूप में हुई। मृतक के बेटे राकेश ने बताया कि उसके पिता मानसिक रोग से पीड़ित थे आये दिन बिना बताये घर से चले जाते थे। इस संबंध में कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था।
वहीं, लोनीकटरा थाना क्षेत्र में दहिला के पास बृहस्पतिवार को एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है उसकी पहचान नहीं हो सकी है। उधर, देवा से मेला देखकर ट्रेन से घर लौट रहे दरियाबाद थाना क्षेत्र के सराय शाह आलम गांव निवासी अब्दुल्ला (15) की बृहस्पतिवार सुबह सैदखानपुर के ट्रेन से नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। इसी तरह रामनगर थाना क्षेत्र में चौकाघाट रेलवे स्टेशन के समीप एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। युवक की मौत किसी ट्रेन के चपेट में आने से होने की बात कही जा रही है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।